दिल्ली के कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) पर यात्रियों को अपना निशाना बनाने वाले एक शातिर बदमाश को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फिलिप उर्फ विक्की के रूप में हुई है, जो बेहद चालाकी से यात्रियों से दोस्ती करता था और फिर उन्हें नशीली फ्रूटी पिलाकर लूट लेता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खासतौर पर दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाले यात्रियों को निशाना बनाता था। पहले वह उनसे बातचीत कर भरोसा जीतता और फिर फ्रूटी में नशीली गोलियां मिलाकर उन्हें पीने के लिए देता था। जैसे ही पीड़ित बेहोश होता, आरोपी उसके पास मौजूद सोने की चेन, घड़ी, पर्स, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।
दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से चार फ्रूटी टेट्रा पैक, 30 लोराजेपाम की गोलियां, चोरी का पर्स, घड़ी और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
जांच में खुलासा हुआ है कि फिलिप उर्फ विक्की पिछले 21 साल से इसी तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। अब पुलिस उससे पूछताछ कर उसके अन्य शिकारों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

