मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में झुग्गी को लेकर चल रहा विवाद उस वक्त खूनी हो गया, जब एक मामा ने अपने 19 वर्षीय भांजे पर कैंची से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के करीब दो घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी मामा रवि को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक अपने परिवार के साथ आराम बाग झुग्गी बस्ती में रहता था और ई-रिक्शा चलाता था। वहीं आरोपी रवि नबी करीम के मुल्तानी ढांडा इलाके में रहता है और वह भी ई-रिक्शा चालक है। दोनों परिवारों के बीच झुग्गी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।
मंगलवार रात करीब 7:15 बजे रवि कथित तौर पर नशे की हालत में भांजे के घर पहुंचा। यहां झुग्गी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर रवि ने कैंची से भांजे पर हमला कर दिया। हमले में उसकी दाहिनी जांघ और बांह पर गंभीर चोटें आईं।
परिजन और स्थानीय लोग घायल युवक को तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रात करीब 8:05 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल मिली। पहाड़गंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में दबिश दी। करीब दो घंटे बाद रवि को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल कैंची और एक छोटी तलवार भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

