Delhi Samachar
Delhi :  महिलाओं और ट्रांसजेंडरों को मिलेगा रोजगार का नया पहिया, ‘दुर्गा’ योजना के तहत जारी होंगे 1100 गुलाबी ई-ऑटो परमिट

Delhi : महिलाओं और ट्रांसजेंडरों को मिलेगा रोजगार का नया पहिया, ‘दुर्गा’ योजना के तहत जारी होंगे 1100 गुलाबी ई-ऑटो परमिट

Delhi Samachar16 June 2026, 09:31 AM12 views

दिल्ली में महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल होने जा रही है। दिल्ली सरकार जल्द ही ‘दुर्गा’ योजना शुरू करने जा रही है, जिसके तहत राजधानी में 1100 इलेक्ट्रिक ऑटो परमिट जारी किए जाएंगे। इनमें 1000 परमिट महिलाओं और 100 परमिट ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए आरक्षित होंगे।

‘दुर्गा’ यानी ड्राइविंग अपलिफ्टमेंट एंड रोजगार फॉर वुमेन, ट्रांसजेंडर ग्रीन ई-ऑटो योजना का उद्देश्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को रोजगार उपलब्ध कराना और सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। इस योजना के तहत चलने वाले सभी ई-ऑटो गुलाबी रंग के होंगे। चालक महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को विशेष पहचान पत्र, जैकेट और कैप भी उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 20 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। परिवार की वार्षिक आय पांच लाख रुपये तक प्रस्तावित की गई है। साथ ही परिवार के पास पहले से कोई व्यावसायिक तिपहिया वाहन नहीं होना चाहिए। एक परिवार से केवल एक महिला आवेदन कर सकेगी।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ई-ऑटो पर महिला हेल्पलाइन और आपातकालीन संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग लाभार्थियों को ड्राइविंग, सॉफ्ट स्किल्स और ग्राहक व्यवहार का प्रशिक्षण देगा। वहीं डीएमआरसी, एनसीआरटीसी और रैपिड रेल स्टेशनों के आसपास चार्जिंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

योजना में तीन साल की लॉक-इन अवधि भी रखी गई है, ताकि इसका दुरुपयोग न हो सके। इस दौरान वाहन का हस्तांतरण नहीं किया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि यह पहल महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share: