Delhi Samachar
Delhi : यमुना सफाई के लिए मैदान में उतरीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, 28 घाटों पर चला मेगा अभियान

Delhi : यमुना सफाई के लिए मैदान में उतरीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, 28 घाटों पर चला मेगा अभियान

Delhi Samachar16 June 2026, 05:40 AM15 views

दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा कदम उठाया। राजधानी के 28 घाटों पर एक साथ विशाल सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं गीता कॉलोनी घाट पर पहुंचीं और श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। यह अभियान सुबह 6 बजे शुरू हुआ और करीब चार घंटे तक चला।

इस विशेष अभियान में मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, भाजपा पदाधिकारी और हजारों नागरिक शामिल हुए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा यमुना बैंक क्षेत्र में सफाई अभियान का हिस्सा बने, जबकि मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पंकज सिंह और रविंद्र इंद्रराज समेत कई जनप्रतिनिधि अलग-अलग घाटों पर मौजूद रहे। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी अभियान में भाग लिया।

अभियान में 500 से अधिक सामाजिक और धार्मिक संगठनों के स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, मनोज तिवारी और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल भी सफाई अभियान से जुड़े।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना की सफाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नदी में कपड़े, पूजा सामग्री और टूटी हुई मूर्तियां न फेंकें। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां नदी को प्रदूषित करती हैं और सफाई के प्रयासों को कमजोर करती हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना को साफ करने के लिए 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं। वहीं, नजफगढ़ क्षेत्र में 860 करोड़ रुपये की लागत से 12 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जा रहे हैं, ताकि बिना उपचारित गंदा पानी यमुना में जाने से रोका जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यमुना सफाई अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share: