Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Delhi : कंझावला हत्याकांड: टिल्लू ताजपुरिया गैंग का तीसरा शूटर अर्जुन गिरफ्तार

Delhi : कंझावला हत्याकांड: टिल्लू ताजपुरिया गैंग का तीसरा शूटर अर्जुन गिरफ्तार

Delhi Samachar23 August 2026, 10:59 AM27 views

दिल्ली के कंझावला इलाके में 30 जुलाई को हुए सनसनीखेज हत्याकांड में क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के तीसरे शूटर अर्जुन उर्फ प्रमोद को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गोगी-दिनेश कराला गैंग के बदमाश हरीश माथुर की हत्या में शामिल होने का आरोप है।

इस मामले में राहुल रंगा और साहिल उर्फ विशाल को रोहिणी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, अर्जुन सोनीपत में पानी की बोतल सप्लाई करने वाली गाड़ी चलाता था। ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए उसके संपर्क राहुल रंगा से जुड़े और पैसों का लालच देकर उसे गिरोह में शामिल किया गया।

हत्या से पहले तीनों आरोपी रोहिणी के एक होटल में मिले और वहीं से गिरोह के आकाओं से एन्क्रिप्टेड कॉलिंग एप के जरिए निर्देश लेते रहे। वारदात के दौरान अर्जुन बाइक चला रहा था, जबकि राहुल और साहिल पीछे बैठे थे। तीनों ने पहले हरीश के कार्यालय की रेकी की और फिर उसका पीछा करते हुए मौका मिलते ही बाइक रोक दी। इसके बाद राहुल और साहिल ने हरीश पर गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद अर्जुन को सोनीपत में छोड़ दिया गया था, जहां से वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। आखिरकार क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: