राजधानी दिल्ली में चोरी हुए मोबाइल फोन के एक बड़े इंटरनेशनल और इंटरस्टेट सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली पुलिस के रोहिणी ज़िले ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। लेकिन इस पूरे ऑपरेशन में सबसे ज्यादा चर्चा बरामदगी से ज्यादा, उसे पेश करने के तरीके की हो रही है।
दरअसल, जिस तरह प्रवर्तन निदेशालय यानी ED किसी बड़ी कार्रवाई के बाद जब्त किए गए कैश, सोना या कीमती सामान को एक खास अंदाज़ में सजाकर तस्वीरें जारी करता है, उसी अंदाज़ की झलक अब दिल्ली पुलिस में भी दिखाई दी है। रोहिणी ज़िले की पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन को बेहद रचनात्मक तरीके से सजाते हुए "ROHINI" शब्द की आकृति में रखा और फिर उसकी आधिकारिक तस्वीर जारी की।
यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोग इसे पुलिस की नई प्रस्तुति शैली बता रहे हैं, तो कुछ इसे ED के काम करने के तरीके से प्रेरित मान रहे हैं। इतना जरूर है कि अब बरामदगी के साथ-साथ उसे पेश करने का अंदाज़ भी सुर्खियां बटोर रहा है।

