Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध RRU निर्यात रैकेट का भंडाफोड़

Delhi : दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध RRU निर्यात रैकेट का भंडाफोड़

Delhi Samachar14 July 2026, 10:40 AM8 views

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की आईएससी (ISC) टीम ने चोरी किए गए दूरसंचार उपकरणों की तस्करी और अवैध निर्यात से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 70 लाख रुपये मूल्य की 43 चोरी की गई रिमोट रेडियो यूनिट (RRU) बरामद की हैं। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र में हुई 19 चोरी की वारदातों में शामिल था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाले महंगे दूरसंचार उपकरणों को चोरी कर उन्हें अवैध रूप से विदेशों में निर्यात करते थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि पिछले 8 से 9 महीनों के दौरान गिरोह 800 से अधिक चोरी किए गए RRU विदेश भेज चुका है। मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तथा अवैध निर्यात की पूरी श्रृंखला का पता लगाने में जुटी है।

यह सफल अभियान क्राइम ब्रांच की आईएससी टीम ने इंस्पेक्टर शिवराज सिंह बिष्ट के नेतृत्व में, एसीपी रमेश लांबा के मार्गदर्शन तथा डीसीपी आदित्य गौतम के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि दूरसंचार उपकरणों की चोरी और तस्करी में शामिल अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: