दिल्ली के रोहिणी जिले में एसटीएफ ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 4100 क्वार्टर अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसटीएफ रोहिणी की टीम को 2 जून 2026 को अवैध शराब की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अमित दहिया के नेतृत्व में और एसीपी अजय वेदवाल के मार्गदर्शन में टीम ने बेगमपुर स्थित काली माता मंदिर के पास जाल बिछाया।
कुछ देर बाद एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपनी पहचान 26 वर्षीय सुनील निवासी राजीव नगर, बेगमपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान वाहन से 82 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई, जिनमें कुल 4100 क्वार्टर शराब मौजूद थी।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर शराब और वाहन को जब्त कर लिया। इस संबंध में थाना बेगमपुर में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 के तहत एफआईआर संख्या 259/26 दर्ज की गई है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। मामले की आगे की जांच जारी है।

