गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के कस्बा चिरौरी में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक खाली प्लॉट में खड़ी दो कारों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों गाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह खाक हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 12 बजे इंडियन ओवरसीज बैंक के पीछे स्थित एक खाली मैदान में हुई। यहां एक वैगनआर और एक स्कोडा कार खड़ी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले वैगनआर कार में अचानक आग लगी, जिसके बाद आग ने पास में खड़ी स्कोडा को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
पुलिस के अनुसार, वैगनआर के मालिक सलीम, गांव रटौल, जिला बागपत के निवासी हैं, जबकि स्कोडा कार के मालिक गोपाल, गांव मेहरमपुर, जिला बागपत के रहने वाले हैं। घटना के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

