ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर चक्रसेनपुर-दादरी क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आरटीओ (RTO) की कार्रवाई से बचने के लिए ओवरलोड ट्रक चालकों ने अपने वाहनों से भारी-भरकम पत्थर हाईवे के बीचों-बीच पलट दिए। इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और एक बड़ा हादसा होते-होते टला। हालांकि, अचानक सामने आए पत्थरों की चपेट में आने से दर्जनों गाड़ियों के टायर पंचर हो गए, जिससे भीषण गर्मी में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, दादरी थाना क्षेत्र के चक्रसैनपुर के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर आरटीओ की टीम चेकिंग कर रही थी। आरटीओ को देखकर ओवरलोड पत्थर ले जा रहे ट्रक चालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई और भारी जुर्माने के डर से चालकों ने हाईवे पर ही ट्रकों के जैक उठाकर बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर डंप कर दिए और मौके से फरार हो गए।
हाईवे की रफ्तार के बीच अचानक सड़क पर भारी पत्थर आने से वाहनों के ब्रेक लग गए। कई गाड़ियां इन पत्थरों से टकराने से बाल-बाल बचीं, जिससे एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। हालांकि, पत्थरों पर चढ़ने के कारण दर्जनों दुपहिया और चौपहिया वाहनों के टायर फट गए और पंचर हो गए। कड़कड़ाती धूप और भीषण गर्मी के बीच महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग यात्री घंटों हाईवे पर फंसे रहे।
घटना की सूचना मिलते ही दादरी कोतवाली प्रभारी (इंस्पेक्टर), स्थानीय पुलिस बल और ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए.
पुलिस ने तुरंत जेसीबी मशीनें और फावड़े मंगवाकर हाईवे के बीच से भारी पत्थरों को हटवाया।
पुलिस ने मौके पर ही पंचर बनाने वाली मशीनें और मैकेनिक बुलाए, जिससे परेशान यात्रियों की गाड़ियों को ठीक कराकर उन्हें रवाना किया गया।
दादरी पुलिस और ट्रैफिक टीम की सूझबूझ व तत्परता से कुछ ही घंटों में यातायात को पूरी तरह सुचारु करा दिया गया है। सड़क पर पत्थर फेंककर फरार हुए ट्रक चालकों और वाहन स्वामियों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

