Delhi Samachar
मौसमBREAKING NEWS
Weather : दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदला मिजाज, आज हल्की बारिश के आसार

Weather : दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदला मिजाज, आज हल्की बारिश के आसार

Delhi Samachar21 June 2026, 07:29 AM11 views

राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को आज भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

वहीं, सुबह साढ़े नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 140 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम स्तर पर बनी हुई है।

मानसून की दस्तक का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल गर्मी और उमस का दोहरा सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को काफी परेशान किया। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में भीड़ कम दिखाई दी और लोग धूप से बचने के लिए छाते, टोपी और गमछे का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव और हल्की वर्षा की संभावना जताई है।

Share: