दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। हौजरानी क्षेत्र स्थित एक रेस्तरां में भीषण आग लगने से 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, रेस्तरां बेसमेंट में संचालित किया जा रहा था। आग लगने के बाद धुआं और लपटें तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गईं। हालात इतने भयावह हो गए कि कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से नीचे छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए थे।
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 8:50 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने बेसमेंट में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि हादसे में 18 से 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन राहत और जांच का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

