बाहरी दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र में स्थित सेक्टर A1A-4, पॉकेट-7 के F ब्लॉक में उस समय हड़कंप मच गया, जब फ्लैट नंबर 1101 की 11वीं मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे फ्लैट से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सोसाइटी में लगा DDA का फायर सिस्टम पूरी तरह फेल साबित हुआ। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, फायर सिलेंडर और इमरजेंसी सिस्टम बंद पड़े थे, जिसके कारण शुरुआती समय में आग पर काबू नहीं पाया जा सका। हालात इतने खराब हो गए कि लोगों को अपने-अपने फ्लैटों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश करनी पड़ी।
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों की मदद से आग काफी हद तक बुझ चुकी थी। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

