दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में हुए दर्दनाक अग्निकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल फ्लोरिश स्टे के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसके खिलाफ पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया था। इस भीषण आग हादसे में 17 विदेशी नागरिकों समेत कुल 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जांच में सामने आया है कि दिल्ली पर्यटन विभाग ने मई 2024 में इस गेस्ट हाउस को केवल 6 कमरों के संचालन की अनुमति दी थी। अनुमति के अनुसार पहली और दूसरी मंजिल पर तीन-तीन कमरे चलाने की इजाजत थी, लेकिन आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर इमारत में पांच मंजिलों और बेसमेंट तक 20 से 25 कमरे बना दिए गए और उनका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था।
मृतकों में नाइजीरिया, मोजाम्बिक और बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कई विदेशी मरीज और उनके परिजन पास के अस्पतालों में इलाज के सिलसिले में दिल्ली आए थे और इसी गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक इमारत के पास फायर एनओसी नहीं थी। बेसमेंट में अवैध किचन और रेस्टोरेंट चलने की भी आशंका जताई जा रही है, जहां से आग भड़कने की बात सामने आ रही है। पुलिस अब आरोपी के अन्य होटलों की भी जांच कर रही है और मामले में गैर इरादतन हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

