राजधानी दिल्ली में इन दिनों उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तेज धूप और बढ़ती नमी के कारण लोगों को दिनभर गर्म हवाओं और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि अब मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने 4 और 5 जून के लिए दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर और शाम के समय कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। माना जा रहा है कि बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
IMD के मुताबिक दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। पालम में 27.6 डिग्री, लोधी रोड में 28.4 डिग्री, रिज में 27.5 डिग्री और अयानगर में 28.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं और बारिश के कारण कुछ इलाकों में ट्रैफिक और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है।

