दिल्ली के नरेला NIA थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। होलंबी खुर्द गाँव में एक 36 वर्षीय युवक, रवि, की सरेआम बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मौत का यह खूनी खेल युवक के अपने घर से महज चंद कदमों की दूरी पर खेला गया।
रोजाना की तरह रवि अपनी सैलून की दुकान बंद कर, दिनभर की थकान समेटे अपने घर की ओर लौट रहा था। उसे अंदाजा भी नहीं था कि मौत चंद कदमों की दूरी पर उसका इंतजार कर रही है। जैसे ही वह अपने घर के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से घात लगाए बैठे 3-4 अज्ञात नकाबपोश बदमाश काल बनकर आए। उन्होंने रवि को संभलने का एक मौका भी नहीं दिया और ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
बदमाशों के सिर पर खून सवार था। उन्होंने रवि पर तब तक बेरहमी से लाठी- डंडो से वार किए, जब तक कि उसके शरीर की आखिरी सांस नहीं टूट गई। लहूलुहान हालत में रवि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग कुछ समझ पाते, हत्यारे रात के अंधेरे का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो चुके थे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, इलाके में तनाव
"मेरा बेटा तो बस दुकान से घर आ रहा था... किसी ने उसकी क्या दुश्मनी थी?"
रवि की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव दहल उठा है। रो-रोकर उनका बुरा हाल है और वे इंसाफ की भीख मांग रहे हैं। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे होलंबी खुर्द गाँव में भारी तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है।
वारदात की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ शव को अपने कब्जे में लेकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
दिल्ली पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग मिल सके।
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या यह आपसी रंजिश का मामला है या फिर लूटपाट के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया।
देश की राजधानी में एक आम नागरिक अपने घर के बाहर भी सुरक्षित नहीं है? आखिर कौन थे वो हमलावर जिन्होंने रवि को इतनी बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया? पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।

