उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने धार्मिक सौहार्द और सामाजिक संवेदनशीलता को लेकर नई बहस छेड़ दी है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक मुस्लिम व्यक्ति से धार्मिक नारे लगवाने के बाद उसे भंडारे का प्रसाद दिए जाने का दावा किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला जिले के भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां डुमरियागंज के पूर्व भाजपा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा आयोजित एक भंडारे में बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक मुस्लिम व्यक्ति भी प्रसाद लेने पहुंचा।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि वहां मौजूद लव कुश ओझा नामक व्यक्ति मुस्लिम व्यक्ति से कहता है कि प्रसाद लेने से पहले उसे "जय श्रीराम" और "जय श्रीकृष्ण" के नारे लगाने होंगे। वीडियो में व्यक्ति द्वारा नारे लगाने के बाद उसे पूरी-सब्जी की थाली दी जाती दिखाई दे रही है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई लोगों ने इसे जबरन धार्मिक नारे लगवाने और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला कदम बताया है।
बताया जा रहा है कि वीडियो में नजर आने वाले लव कुश ओझा भाजपा के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के करीबी हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले की चर्चा तेज हो गई है।

