Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
दिल्ली में बिजली चोरी का बड़ा खेल, एक साल में 98 करोड़ रुपये का नुकसान

दिल्ली में बिजली चोरी का बड़ा खेल, एक साल में 98 करोड़ रुपये का नुकसान

Delhi Samachar25 June 2026, 09:32 AM5 views

राजधानी दिल्ली में बिजली चोरी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। बिजली विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शहर के कई इलाकों में जितनी बिजली की खपत होती है, उससे कहीं ज्यादा बिजली चोरी के मामले सामने आए हैं। पिछले एक साल में बिजली चोरी के कारण वितरण कंपनियों को करीब 98.32 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

सबसे ज्यादा बिजली चोरी के मामले राजौरी गार्डन और तिलक नगर विधानसभा क्षेत्रों में दर्ज किए गए हैं। ख्याला हरिजन बस्ती, ख्याला गांव, नरसिंह गार्डन और विष्णु गार्डन समेत कई इलाकों में करीब 4 करोड़ 72 लाख यूनिट बिजली चोरी हुई, जिससे लगभग 30.6 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

वहीं, मुंडका विधानसभा क्षेत्र के कमरुद्दीन नगर, रिशाल सिंह पार्क और आसपास की कॉलोनियों में 2 करोड़ 69 लाख यूनिट बिजली चोरी दर्ज की गई, जिससे 21.8 करोड़ रुपये का रेवेन्यू लॉस हुआ।

नजफगढ़ के ढिचाऊ गांव में एक साल के दौरान 1 करोड़ 62 लाख यूनिट बिजली चोरी हुई, जिससे 10.3 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वहीं झड़ौदा गांव में 1 करोड़ 71 लाख यूनिट बिजली चोरी से 10.9 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

इसके अलावा तुगलकाबाद, जामा मस्जिद, कृष्णा नगर, गांधी नगर और गाजीपुर जैसे इलाकों में भी बड़े पैमाने पर बिजली चोरी के मामले सामने आए हैं।

ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share: