मेरठ के दून हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जयपुर से हरिद्वार जा रही राजस्थान रोडवेज की एक डबल डेकर बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना दौराला क्षेत्र के दादरी गांव के पास सकौती के सामने हुई। बस में एक बच्चे समेत कुल 26 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, बस जैसे ही दादरी गांव के पास पहुंची, चालक राजेंद्र ने इंजन की तरफ से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। चालक और परिचालक गागिया ने नीचे उतरकर देखा तो इंजन में आग लग चुकी थी।
इसके बाद दोनों ने तुरंत यात्रियों को बस से नीचे उतरने के लिए कहा। सभी यात्री अपना सामान लेकर सुरक्षित बाहर निकल आए। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही दौराला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। मेरठ से चार और मुजफ्फरनगर से तीन दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी।
इस घटना के दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। गनीमत रही कि चालक और परिचालक की सतर्कता से सभी 26 यात्रियों की जान बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई।

