उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मुनि की रेती क्षेत्र के खारा स्रोत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक-दूसरे पर राफ्टिंग के चप्पुओं से हमला करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह विवाद राफ्टिंग संचालकों और कुछ पर्यटकों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। वायरल वीडियो में कई लोग एक-दूसरे को धक्का देते और चप्पुओं से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि यह घटना करीब एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और वीडियो के आधार पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में राफ्टिंग के दौरान पर्यटकों और संचालकों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे पर्यटन गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

