दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है, लेकिन दक्षिण दिल्ली के छतरपुर इलाके में कई परिवारों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। हालात ऐसे हैं कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी का इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकला, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। भीषण गर्मी में पानी की कमी ने आम लोगों का जीवन प्रभावित कर दिया है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या के विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। आम आदमी पार्टी के नेता नरेश त्यागी और निगम पार्षद पिंकी त्यागी के नेतृत्व में लोगों ने 100 फुटा रोड से दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए जल संकट का मुद्दा उठाया और अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
जल बोर्ड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से मटका फोड़ा। उनका कहना था कि यह खाली पड़े पानी के बर्तनों और लोगों की परेशानियों का प्रतीक है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। स्थानीय लोगों की मांग है कि क्षेत्र में नियमित, पर्याप्त और सुचारु जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि गर्मी के इस मौसम में उन्हें राहत मिल सके।
