हरियाणवी डांसर और गायिका सपना चौधरी एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मामला उनके वैवाहिक जीवन से जुड़ा है। सपना चौधरी ने अपने पति और हरियाणवी गायक वीर साहू के खिलाफ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
मंगलवार को मामले की प्रारंभिक सुनवाई के दौरान अदालत ने सपना चौधरी को अंतरिम राहत प्रदान करते हुए वीर साहू के खिलाफ संरक्षण आदेश जारी किया। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि अगली सुनवाई तक वीर साहू सपना चौधरी से किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं करेंगे। इसके अलावा उन्हें सपना के घर, कार्यस्थल या अन्य किसी स्थान पर जाने तथा प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से परेशान करने से भी रोक दिया गया है।
सुनवाई के दौरान सपना चौधरी की ओर से अदालत में वीडियो, ऑडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी पेश किए गए। अदालत ने उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों का संज्ञान लेते हुए मामले को सुनवाई योग्य माना और अगली सुनवाई के लिए 25 जुलाई की तारीख निर्धारित की है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा है और इसी कारण सपना चौधरी अब अपने ससुराल से अलग रह रही हैं। फिलहाल वह द्वारका एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में स्थित अपने मायके में रह रही हैं।
साल 2020 में सपना चौधरी और वीर साहू ने विवाह किया था। दोनों के दो बेटे हैं। अब इस मामले में सभी की नजरें 25 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां अदालत दोनों पक्षों की दलीलों और साक्ष्यों पर आगे विचार करेगी।

