Delhi Samachar
Punjab : अटारी बॉर्डर पर ए.आर. रहमान ने रचा इतिहास, ‘मां तुझे सलाम’ से गूंजा पूरा स्टेडियम

Punjab : अटारी बॉर्डर पर ए.आर. रहमान ने रचा इतिहास, ‘मां तुझे सलाम’ से गूंजा पूरा स्टेडियम

Delhi Samachar08 June 2026, 06:54 AM0 views

पंजाब के अमृतसर स्थित अटारी-वाघा बॉर्डर पर एक ऐतिहासिक और भावुक पल देखने को मिला, जब फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की टीम ने देश के वीर जवानों को संगीत के माध्यम से विशेष श्रद्धांजलि अर्पित की। इस भव्य कार्यक्रम में ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने पहली बार अटारी बॉर्डर पर लाइव प्रस्तुति देकर इतिहास रच दिया।

‘जय हो – ए म्यूजिकल सैल्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों दर्शक मौजूद रहे। ए.आर. रहमान ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत मशहूर गीत ‘चंदा सूरज लाखों तारे’ से की। इसके बाद गायक मोहित चौहान, अभिनेत्री नीलांजना घोष, पूजा तिवारी और अभिनेता वेदांग रैना ने फिल्म के गीतों पर शानदार परफॉर्मेंस देकर माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब ए.आर. रहमान ने अपना लोकप्रिय देशभक्ति गीत ‘मां तुझे सलाम’ प्रस्तुत किया। गीत की गूंज के साथ पूरा स्टेडियम तालियों और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली और निर्माताओं ने सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान को नमन किया। इम्तियाज अली ने बताया कि ‘मैं वापस आऊंगा’ वर्ष 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक कहानी है, जो प्रेम, इंसानियत और एकता का संदेश देती है।

फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Share: