कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। यह 14 दिनों में इस तरह का दूसरा प्रदर्शन था। हालांकि प्रदर्शन की इजाजत सिर्फ शाम 5 बजे तक ही थी, लेकिन पार्टी के समर्थक वहीं डटे रहे और पुलिस की मंजूरी के बिना भी अपना प्रदर्शन जारी रखा। इसी बीच, प्रदर्शन स्थल के कई वीडियो ऑनलाइन वायरल होने लगे, जिनमें से एक वीडियो ने लोगों का दिल जीत लिया।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि दिल्ली पुलिस का एक अधिकारी प्रदर्शन कर रहे एक युवक के कान में कुछ फुसफुसा रहा है। इसके तुरंत बाद, वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों ने "दिल्ली पुलिस, आई लव यू" के नारे लगाने लगे। इस वीडियो को @singh_priyyanshi नाम के यूजर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया।
कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने अधिकारी की फुसफुसाहट का मतलब समझने की कोशिश की। एक यूजर ने कमेंट किया, "हम भी आपके साथ ही हैं, हमें बस अपना काम करना है।" एक और यूजर ने कहा, "जब तक कानून हमारे साथ है, कोई हमें हरा नहीं सकता।" इसी तरह कमेंट सेक्शन में टिप्पणियों का भरमार लग चुका है।
उल्लेखनीय है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को अधिकारियों से जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन स्थल के शौचालयों में पानी की सप्लाई बंद न करने की अपील की है। हजारों प्रदर्शनकारी वहां जमा हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
एक्स पर एक पोस्ट में दीपके ने लिखा, "मैं अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल पर शौचालयों की पानी की सप्लाई बंद न करें। कल रात से पब्लिक रेस्ट रूम में पानी नहीं है।" उनकी यह अपील तब आई जब प्रदर्शनकारी शनिवार रात देर तक जंतर-मंतर पर धरना देते रहे और पुलिस के स्थल खाली करने के निर्देश की अवहेलना की।
कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी बार-बार हो रही परीक्षा संबंधी विवादों पर जवाबदेही और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इससे पहले CJP ने आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर लाइटें बंद कर दी हैं और खाने-पीने तथा वॉशरूम की पहुंच पर रोक लगा दी है।
दीपके ने पुलिस से अपील की कि जंतर-मंतर आने वाले लोगों को न रोका जाए। उन्होंने लिखा, "मैं पुलिस से अनुरोध करता हूं कि जंतर-मंतर आने वाले लोगों को न रोके। हम कुछ गलत नहीं कर रहे, बस उन छात्रों के लिए न्याय मांग रहे हैं जिन्होंने आत्महत्या कर ली।"

