दिल्ली से नीट अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। पहले ये परीक्षा विशेष ट्रेनें 20 जून तक चलने वाली थीं, लेकिन अब नीट परीक्षा के मद्देनजर इन्हें एक दिन और बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा के लिए दिल्ली में कुल 97 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। ऐसे में हजारों छात्र अलग-अलग जिलों से दिल्ली पहुंचेंगे। उनकी आवाजाही को आसान बनाने और परीक्षा के बाद घर लौटने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
04427 नंबर की स्पेशल ट्रेन अब 21 जून को भी चलेगी। यह ट्रेन शाम 5 बजकर 15 मिनट पर शकूरबस्ती से रवाना होकर रात 10 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।
वहीं, 04428 नंबर की विशेष ट्रेन को 22 जून तक बढ़ाया गया है। यह ट्रेन सहारनपुर से सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर चलेगी और सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर शकूरबस्ती पहुंचेगी।
इसके अलावा, 04429 नंबर की ट्रेन 21 जून को सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर शकूरबस्ती से रवाना होकर दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर सहारनपुर पहुंचेगी।
04430 नंबर की विशेष ट्रेन भी 21 जून को संचालित होगी, जो शाम 5 बजकर 45 मिनट पर सहारनपुर से चलकर रात 10 बजकर 30 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी।

